News

राजस्थान बजट 2022: जानिए इसकी प्रमुख घोषणाएं और कौन रहे लाभ के पात्र

rajasthan budget 2022 in hindi

राजस्थान में बुधवार को चौथा बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कई बड़े ऐलान किए हैं। बजट के भाषण की शुरुआत में उन्होंने एक कविता भी पढ़ी, जिसका श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता वसुंधरा राजे को दिया। कुल 2 घंटे 56 मिनट,मुख्यमंत्री जी का अब तक का सबसे लंबा बजट भाषण। आपको याद होगा कि इस बार मोदी सरकार का बजट भाषण वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने डेढ़ घंटे में पढ़ा था। तो इस लिहाज से गहलोत का बजट भाषण काफी लंबा था। आइए आपको बताते हैं भाषण के कुछ बड़े ऐलान।

पुरानी पेंशन से संबंधित क्या किया मुख्य ऐलान?

राजस्थान सरकार के कर्मचारियों की पुरानी पेंशन योजना को फिर से बहाल किया गया। सबसे ज्यादा चर्चा इसी घोषणा पर हो रही है और इसे सरकारी कर्मचारियों के लिए तोहफा बताया जा रहा है। यह घोषणा की गई है कि 1 जनवरी 2004 को और उसके बाद नियुक्त सभी कर्मचारियों को नई पेंशन के बजाय पुरानी पेंशन मिलेगी। अब रिटायरमेंट पर अब कर्मचारियों को पूरी पेंशन मिलेगी। 2004 से पहले की पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल किया जाएगा। वेतन का आधा हिस्सा पेंशन के रूप में दिया जाएगा।

बिजली के सन्दर्भ में क्या किया निर्णय?

देश में घरेलू बिजली को फ्री करने की काफी चर्चा है। इस ओर कहा गया है कि अगले साल से 100 यूनिट प्रति माह तक बिजली की खपत करने वाले उपभोक्ताओं को 50 यूनिट बिजली मुफ्त मिलेगी। जो उपभोक्ता 100 यूनिट के स्लैब में आते हैं उनके लिए 50 यूनिट फ्री होगी और 50 यूनिट का ही भुगतान करना होगा। इसके अलावा जिनके घर में प्रति माह 100 यूनिट से ज्यादा बिजली खर्च होती है, वहां 150 यूनिट तक की बिजली 3 रुपए प्रति यूनिट तक की सब्सिडी दी जाएगी।
इस समय राजस्थान देश के उन राज्यों में से एक है जहां बिजली सबसे महंगी है। तो इस लिहाज से गहलोत की नई घोषणा को थोड़ी राहत कहा जा सकता है।

शिक्षा के क्षेत्र में कौनसी घोषणाएं की गई?

महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल वर्तमान में राजस्थान में चलता है हालांकि इनकी संख्या बहुत कम है। अब शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 1-1 हजार अंग्रेजी माध्यम के स्कूल शुरू करने की घोषणा की गई है।

इसके अलावा REET परीक्षा को लेकर भी बजट में एक घोषणा की गई है। परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर पिछले कुछ दिनों से काफी बवाल हो रहा था जिसके बाद सरकार ने परीक्षा भी रद्द कर दी थी। अब सीएम गहलोत ने बजट भाषण में बताया है कि जुलाई 2022 में रीट परीक्षा आयोजित करने का प्रस्ताव है। नए सिरे से आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए पुराने उम्मीदवारों से कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। रीट परीक्षा में पदों की संख्या 32 हजार से बढ़ाकर 62 हजार कर दी गई है।

स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्या-क्या रही बड़ी घोषणाएं?

गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए सरकार की ओर से हर परिवार का 10 लाख रुपये तक का बीमा किया जाएगा। इसके लिए राजस्थान में चिरंजीवी योजना चल रही है। जिसमें 5 लाख तक का बीमा है, जिसे अब बढ़ाकर 10 लाख कर दिया गया है।

पर्यटन को लेकर क्या किए गए ऐलान?

पर्यटन क्षेत्र को उद्योग का दर्जा दिया गया। राज्य को 700 करोड़ का लाभ होगा। रियायतें और अनुदान मिलेगा।
पर्यटन विकास कोष की राशि को बढ़ाकर एक हजार करोड़ कर दिया गया है। पर्यटन विकास के लिए दो-दो नए पर्यटन स्थल विकसित किए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त बजट में कई मुख्य ऐलान किए हैं- जैसे

  • जयपुर मेट्रो के फेज 1 का विस्तार किया जाएगा। इसके तहत मेट्रो का बड़ी चौपड़ से ट्रांसपोर्ट नगर और मानसरोवर से 200 फीट बाइपास तक विस्तार किया जाएगा। वहीं अबाबादी से सीतापुरा तक फेज-2 की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
  • दिल्ली के उदयपुर हाउस में 300 करोड़ की लागत से 500 युवाओं के लिए नेहरू यूथ ट्रांजिट हॉस्टल एंड फैसिलिटेशन सेंटर बनाया जाएगा। दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा इस केंद्र में ठहर सकेंगे।
  • बजट में CISF की तर्ज पर RISF के गठन की घोषणा की गई थी। इसके तहत 2000 हजार सुरक्षाकर्मियों की भर्ती की जाएगी। इन्हें रिको जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा।

आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों के लिए 100 करोड़ ईडब्ल्यूएस फंड के गठन से सरकार राज्य की 1 करोड़ 33 लाख महिलाओं को स्मार्ट फोन देगी. ये मोबाइल मुख्यमंत्री डिजिटल सेवा योजना के तहत दिए जाएंगे। ये मोबाइल 3 साल की इंटरनेट कनेक्टिविटी के साथ 33 लाख चिरंजीवी परिवारों की महिला प्रधानों को दिए जाएंगे।

आमतौर पर, राष्ट्रीय मीडिया में राज्य के बजट पर ज्यादा चर्चा नहीं होती है। लेकिन कई बड़े ऐलानों के चलते इस बार अशोक गहलोत के बजट को लेकर मीडिया और सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है।

You may also like

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in:News