Youth & Politics

गुजरात विधानसभा चुनाव कब है? जानिए गुजरात विधानसभा चुनाव का पूरा गणित!

gujarat vidhansabha chunav

राजनीतिक पार्टियों ने गुजरात असेम्बली इलेक्शन को लेकर अपनी कमर कस ली है। गुजरात में दिसम्बर 2022 तक विधानसभा के चुनाव होने हैं। इस बार बीजेपी कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी भी चुनावी मैदान में है। ऐसे में गुजरात विधानसभा की 182 सीटों पर होने वाले चुनाव में अबकी बार मुकाबला कड़ा रहने वाला है। किसी भी पार्टी को गुजरात में सरकार बनाने के लिए 92 सीटें चाहिए। वर्तमान में भाजपा 111 सीटों के साथ सरकार में काबिज है। कांग्रेस सहित विपक्ष के पास 71 सीटें हैं।

गुजरात विधानसभा चुनाव कब है?

गुजरात विधानसभा के चुनाव इस साल दिसम्बर 2022 तक हो सकते हैं। क्योंकि वर्तमान गुजरात सरकार का कार्यकाल आगामी 18 फरवरी 2023 में समाप्त हो जाएगा। ऐसे में गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से माहौल बनने लगा है। हालांकि चुनाव आयोग की ओर से अभी तक गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान नहीं किया गया है। लेकिन संभावना जताई जा रही है कि गुजरात में विधानसभा चुनाव नवम्बर या दिसम्बर 2022 तक हो सकते हैं। गुजरात में पिछले साल चुनाव 9 और 14 दिसम्बर 2017 को हुए थे।

गुजरात में विधानसभा की कितनी सीटें हैं?

गुजरात विधानसभा का गठन 1960 में हुआ था। गुजरात विधानसभा में 182 सीटें हैं। इनमें से 13 सीटें एससी और 27 सीटें एसटी के लिए आरक्षित हैं। जिसमें से अभी 111 सीटों पर भाजपा से विधायक हैं। इसके अलावा कांग्रेस के 63, निर्दलीय 1, बीटीपी के 2, एनसीपी का 1 और 4 वेंकेट हैं। गुजरात में 2019 के आंकड़ों के अनुसार 4.51 करोड़ मतदाता हैं।

गुजरात के सीएम कौन है?

वर्तमान में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र भाई पटेल हैं। वे गुजरात के 17वें मुख्यमंत्री है। 13 सितम्बर 2021 को सीएम बनने वाले भूपेन्द्र भाई पटेल घाटलोड़िया से विधायक हैं। गुजरात के पहले सीएम जीवराज नारायण मेहता थे। जो 1 मई 1960 को गुजरात के पहले मुख्यमंत्री बने थे। जीवराज नारायण मेहता कांग्रेस से थे और अमरेली से विधायक थे। वे 1963 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे थे। गुजरात में अब तक 17 मुख्यमंत्री हो चुके हैं।

गुजरात और भाजपा

गुजरात में 4 मार्च 1998 से लगातार भाजपा का शासन है। 4 मार्च 1998 को केसुभाई पटेल गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे तब से अब तक गुजरात में भाजपा की सरकार चल रह है। गुजरात में विधानसभा चुनाव की शुरुआत से लेकर अब तक भाजपा से 6 मुख्यमंत्री बने हैं। जिनका शासन करीब 25 साल से ज्यादा समय तक रहा है।

अगर हम इसकी गणना दिन में करे तो यह 9 हजार 474 से ज्यादा होते हैं। भाजपा से वर्तमान के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सबसे ज्यादा 12 साल 227 दिन गुजरात के मुख्यमंत्री रहे हैं। 4 मार्च 1998 के बाद से केसुभाई पटेल, नरेन्द्र मोदी, आनंदी बेन पटेल, विजय रूपाणी और भूपेन्द्र भाई पटेल मुख्यमंत्री बने हैं। 4 मार्च 1998 से पूर्व भी राजपा से शंकरसिंह वाघेला सीएम रहे हैं जिनका नाता भी भाजपा से रहा है। भाजपा के 6 बार मुख्यमंत्री के अलावा 1 बार जनता पार्टी, 2 बार राजपा और एक बार जनता दल का शासन रहा है। जिनका संबंध भी भाजपा से रहा है। इन दलों ने करीब 4 साल 8 महीने तक गुजरात में शासन किया है।

गुजरात और कांग्रेस

गुजरात में विधानसभा के गठन के बाद सबसे पहले कांग्रेस की सरकार बनी थी। लेकिन 1998 तक आते आते गुजरात में कांग्रेस का वर्चस्व कम हो गया। यूं तो कांग्रेस ने गुजरात को 8 सीएम दिए हैं, लेकिन उनका शासन 23 साल और कुछ महीने तक ही रहा। जबकि भाजपा से 6 बार सीएम हुए हैं। लेकिन उनका शासन 25 साल से अधिक समय तक रहा है। कांग्रेस ने गुजरात में 8 हजार 495 दिन शासन किया है। जबकि भाजपा का शासन 9 हजार 474 दिनों से अधिक समय का है। गुजरात में कांग्रेस से पहले सीएम जीवराज नारायण मेहता थे और अंतिम कांग्रेस से सीएम छबिलदास मेहता थे जो 17 फरवरी 1994 को गुजरात के सीएम बने थे और 13 मार्च 1995 तक गुजरात के सीएम रहे।

गुजरात विधानसभा चुनाव 2022

गुजरात विधानसभा चुनाव दिसम्बर 2022 तक होने की संभावना है। इस बार भाजपा, कांग्रेस के साथ ही आम आदमी पार्टी भी चुनावी मैदान में है। भाजपा सरकार को दोहराना चाहेगी तो वहीं कांग्रेस का प्रयास रहेगा कि करीब 20 साल बाद वह सत्ता में वापसी करे। तो वहीं आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पंजाब की तरह की गुजरात में पहली बार सत्ता पर काबिज होना चाहेंगे। अब देखना यह है कि गुजरात की जनता किस पार्टी को सत्ता पर काबिज करती है।

You may also like

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *